मधेपुरा/आलमनगर: मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड के वार्ड संख्या 14 में बुधवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस दर्दनाक घटना में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे 35 वर्षीय पंकज कुमार ने घर में सो रहे अपने 28 वर्षीय छोटे भाई छोटू कुमार की कनपटी में गोली मार दी। छोटे भाई की हत्या करने के बाद पंकज ने उसी हथियार से अपने सिर में गोली मारकर आत्मघाती कदम उठा लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां दोनों भाई खून से लथपथ पड़े मिले।
घटना आलमनगर थाना क्षेत्र स्थित किराना व्यवसायी नवल किशोर भगत के घर में हुई। सूचना मिलते ही आलमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
![]() |
ग्रामीणों के अनुसार, पंकज कुमार स्नातक तक पढ़ाई कर चुका था और उसका स्वभाव काफी चिड़चिड़ा बताया जाता था। वह अक्सर घर में विवाद करता रहता था। बताया जा रहा है कि वह शादी करने को तैयार नहीं था।
मृतक छोटू कुमार की शादी आगामी 8 जुलाई को होने वाली थी। उसका तिलक समारोह 28 जून को संपन्न हुआ था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। शादी की खुशियां मातम में बदल जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिवार में पिता नवल किशोर भगत, एक अविवाहित बहन कोमल कुमारी तथा अन्य सदस्य हैं। नवल किशोर भगत के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। बड़े बेटे पंकज के विवाह से इनकार करने के बाद परिवार ने छोटे बेटे छोटू की शादी तय की थी।
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या और उसके बाद आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


0 टिप्पणियाँ